विज्ञापन

जबलपुर में चोरों का आतंक, चार घरों में चोरी, 7 लाख के जेवरात के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
October 27, 2026
Author Picture
Published On: October 27, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को अधारताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक-दो नहीं, बल्कि चार अलग-अलग घरों में सेंधमारी कर पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। कहीं परिवार अस्पताल में भर्ती पिता के इलाज के लिए घर से बाहर था, तो कहीं लोग परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने गए थे। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, अब पुलिस ने चारों वारदातों का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

चार वारदातें, चोरी का एक ही तरीका!

पुलिस के मुताबिक, अधारताल थाना क्षेत्र में लगातार सामने आई नकबजनी की घटनाओं ने पुलिस को आरोपियों की तलाश में जुटने पर मजबूर कर दिया था। पहली वारदात रविंद्र नगर में हुई, जहां स्टेट बैंक में पदस्थ सीनियर एसोसिएट अंकुर तिवारी अपने पिता के इलाज के सिलसिले में मां के साथ संजीवनी अस्पताल गए थे। परिवार रातभर अस्पताल में रुका रहा और इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

दूसरी वारदात इंडस्ट्रियल एरिया अधारताल में सामने आई। उमा यादव अपनी बेटी के साथ बाजार खरीदारी करने गई थीं। घर लौटने पर अलमारी और लॉकर के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे।

तीसरी वारदात में महाकौशल नगर निवासी 70 वर्षीय शिवबहादुर सिंह के घर को निशाना बनाया गया। शिवबहादुर सिंह अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने बेंगलुरु गए थे। जब 9 अक्टूबर को वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी के लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी ले गए थे।

चौथी वारदात पुष्पक नगर में हुई, जहां सुरेंद्र कुमार यादव परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने गए थे। रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अलमारी खंगालने के बाद चोर चांदी की पायल, सोने की नथ, बेंदी और चांदी के सिक्के लेकर फरार हो चुके थे।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

लगातार हुई इन चार वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और हुलिए के आधार पर तलाश करते हुए पुलिस ने संदीप घसिया, उम्र 25 वर्ष, और चिंटू उर्फ अनूप कुमार, उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों ने चारों नकबजनी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

7 लाख के जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 ग्राम सोने के और 1500 ग्राम चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। अधारताल पुलिस की इस कार्रवाई से चार नकबजनी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। वहीं, सूने मकानों को निशाना बनाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों की जांच को भी अहम सफलता मिली है।

Leave a Comment