विज्ञापन

जबलपुर : पारले-जी फैक्ट्री में भीषण आग, 10 करोड़ के नुकसान की आशंका, 1000 टन बिस्किट जलकर राख

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
October 20, 2026
Author Picture
Published On: October 20, 2026

विज्ञापन

पारले-जी फैक्ट्री में भीषण आग, 10 करोड़ के नुकसान की आशंका, 1000 टन बिस्किट जलकर राख

रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में आग ने मचाया तांडव, दमकल की गाड़ियों ने 100 से ज्यादा चक्कर लगाकर देर रात पाया काबू,

ऑर्डनेंस फैक्ट्री और वाहन निर्माणी से भी बुलाई गईं दमकलें

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री की स्टोरेज यूनिट में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से भारी संख्या में पारले-जी बिस्किट के पैकेट और भारी मात्रा में तैयार बिस्किट जलकर खाक हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 10 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए नगर निगम के साथ ऑर्डनेंस फैक्ट्री, वाहन निर्माणी, कैंट बोर्ड और आसपास के नगरीय निकायों से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दमकल वाहनों ने 100 से ज्यादा चक्कर लगाए, जिसके बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।

अष्टमी के कारण फैक्ट्री में कम थे कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में करीब आठ एकड़ में फैली पारले-जी फैक्ट्री में बिस्किट का उत्पादन और भंडारण किया जाता है। नवरात्रि की अष्टमी होने के कारण घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम थी। आग लगने की सूचना मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद जिला प्रशासन, नगर निगम और अन्य सुरक्षा संस्थानों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।

फैक्ट्री डायरेक्टर रामगोपाल अग्रवाल ने बताया कि आग के कारण करीब 1000 टन तैयार बिस्किट जलकर राख हो गए। बड़ी मात्रा में पैकेट और स्टोरेज में रखा सामान भी आग की चपेट में आया है। शुरुआती आकलन के आधार पर करीब 10 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन विस्तृत जांच और स्टॉक के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मशीन रूम को किया गया सुरक्षित, स्टोरेज यूनिट में बुझाई आग

नगर निगम के फायर ऑफिसर कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारले फैक्ट्री की बिस्किट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के साथ मौजूद स्टोरेज यूनिट में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद नगर निगम मुख्यालय, टैंकर शाखा, कैंट बोर्ड, अन्य आयुध निर्माणियों और पाटन व पनागर जैसे नगरीय निकायों से संपर्क कर दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के मुख्य मशीन रूम को पूरी तरह अलग कर दिया गया था और वहां लगी आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद स्टोरेज यूनिट में आग बुझाने का काम जारी रहा, ताकि आग दूसरे हिस्सों तक न फैल सके। शुरुआती तौर पर केबल में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीमें तैनात

एडिशनल एसपी मनीष भारद्वाज के मुताबिक, आग की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। नगर निगम, जिला प्रशासन और औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारियों ने मिलकर आग बुझाने के प्रयास किए। पुलिस के बुलावे पर एसडीईआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल की टीम को भी तैनात रखा गया।

राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी जांच के बाद सामने आएगा।

Leave a Comment