जबलपुर। जबलपुर के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित मुस्कान प्लाजा में स्ट्रीट डॉग को कार से कुचलने के विवाद ने अब हिंसक रूप ले लिया है। दो दिन पहले कुत्ते को कार चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में विवादों में आए भरत सोनी के घर पर शुक्रवार शाम 10 से 15 लोगों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि डॉग लवर ने भरत सोनी को घर से बाहर निकालकर जमकर मारपीट की। इस दौरान अपने पिता को बचाने पहुंचे उनके नाबालिग बेटे के साथ भी मारपीट की गई। घटना में भरत सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही मारपीट ओर डॉग को कार चढ़ाने, गाली गलौज करने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दरअसल विजय नगर के मुस्कान प्लाजा में 15 अक्टूबर गुरुवार देर शाम 10 बजकर 13 मिनिट पर स्ट्रीट डॉग को कार से कुचलने की घटना सामने आई थी। आरोप है कि भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार चला रहा था और इसी दौरान कार चढ़ाकर कुत्ते को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। कुत्ते के इलाज की मांग को लेकर मुस्कान प्लाजा के सामने स्थित जेडी कॉलोनी के लोग सामने आए।
आरोप है कि इस दौरान भरत सोनी ने कुत्ते का उपचार कराने की मांग कर रहे लोगों के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी के आरोप भी लगाए गए। इसके बाद स्थानीय लोग विजय नगर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भरत सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। जब लोगों ने सीसीटीवी फुटेज में भारत सोनी द्वारा गाली गलौज और अशब्द का प्रयोग करते हुए देखा। तभी आक्रोशित डॉग लवर और अन्य लोग एकत्रित हो गए। करीब 10 से 15 लोग मुस्कान प्लाजा स्थित उनकी कॉलोनी पहुंचे और उन्हें घर से बाहर बुलाया तभी बात फिर बिगड़ गई और गुस्साए लोगों ने जमकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जब उनका नाबालिग बेटा पिता को बचाने के लिए पहुंचा, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। हमले में भरत सोनी को गंभीर चोटें आई हैं।
इस पूरे विवाद से जुड़े तीन सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। पहले फुटेज में कथित तौर पर भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार से कुत्ते को टक्कर मारते दिखाई दे रहा है। दूसरे फुटेज में भरत सोनी अपनी पत्नी के साथ कैमरे के सामने आते हैं। आरोप है कि इस दौरान वे बेसबॉल बैट लेकर गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज में उनकी पत्नी और बेटे द्वारा भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, तीसरे फुटेज में करीब 10 से 15 लोग भरत सोनी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
शनिवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। भरत सोनी की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। विजय नगर थाना प्रभारी के अनुसार, पहले डॉग लवर की शिकायत पर भरत सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब भरत सोनी की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
