विज्ञापन

जबलपुर : फर्जी पासपोर्ट से भारत में रह रहे तीन अफगानी नागरिक गिरफ्तार, कोलकाता से ATS ने दबोचा

[inb_subtitle]

Author Picture
thenewsmp
November 19, 2026
Author Picture
Published On: November 19, 2026

विज्ञापन

हंसराज सिंह ठाकुर, जबलपुर,
जबलपुर। मध्यप्रदेश एटीएस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर देश में रह रहे अफगानी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एटीएस की टीम ने इस मामले में तीन और अफगानी नागरिकों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान असलम खान पिता शाह मोहम्मद, अब्दुल बारी पिता अब्दुल करीम और अय्यूब खान पिता दोस्त मोहम्मद के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से अफगानिस्तान के रहने वाले हैं। 
आरोप है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जबलपुर के पते से भारतीय पासपोर्ट बनवाए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों के पासपोर्ट दमोह स्थित पासपोर्ट कार्यालय से जारी किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद एटीएस ने तीनों आरोपियों को जबलपुर में प्रथम व्यवहार न्यायालय, वरिष्ठ खंड एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक सोनी की अदालत में पेश किया। न्यायालय ने एटीएस की मांग पर तीनों आरोपियों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
दरअसल, मध्यप्रदेश एटीएस भोपाल ने पूर्व में अफगानी नागरिकों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय पासपोर्ट बनवाने और उनके आधार पर भारत में रहने का मामला पकड़ा था। इस संबंध में अपराध क्रमांक 11/2025 दर्ज किया गया था। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी सोहबत खान बताया गया है। उसके साथ कई अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था। जांच के दौरान सामने आया था कि अफगानिस्तान के नागरिकों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान और अन्य जरूरी कागजात तैयार करवाए और उनका इस्तेमाल कर भारतीय पासपोर्ट हासिल किए। इसी आधार पर वे भारत में रह रहे थे।
इस मामले में एटीएस ने पूर्व में सात अफगानी नागरिकों और उनके तीन भारतीय सहयोगियों को आरोपी बनाया था। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में पेश किया गया था, जहां मामला फिलहाल विचाराधीन है। जांच एजेंसी को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अफगानी नागरिकों के संबंध में भी जानकारी मिली थी। इसी कड़ी में एटीएस ने आगे की जांच और आरोपियों की तलाश जारी रखी।
अब इसी प्रकरण में तीन और अफगानी नागरिकों की गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। एटीएस ने कोलकाता में दबिश देकर तीनों को पकड़ा। जांच में इनके द्वारा जबलपुर के पते का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाने की बात सामने आई है। खास बात यह है कि तीनों के पासपोर्ट दमोह पासपोर्ट कार्यालय से जारी होना प्रारंभिक जांच में पाया गया है। ऐसे में जांच एजेंसी अब इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से लेकर पासपोर्ट बनवाने तक आरोपियों की मदद किसने की और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
गुरुवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। एटीएस ने उनसे पूछताछ और फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस रिमांड मांगी थी। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 30 नवंबर तक एटीएस की रिमांड पर सौंपने की अनुमति दे दी है। अब रिमांड के दौरान आरोपियों से उनके भारतीय पासपोर्ट बनवाने, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, जबलपुर के पते का इस्तेमाल करने और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। 
एटीएस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपियों को भारतीय दस्तावेज उपलब्ध कराने में किन लोगों ने मदद की थी और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में तीन नई गिरफ्तारियों के बाद एटीएस की जांच का दायरा बढ़ गया है। अब 23 नवंबर तक होने वाली पूछताछ में इस कथित नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment