विज्ञापन

जबलपुर : हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्यसभा सांसद से की मुलाकात, बार के रिनोवेशन सहित अधिवक्ताओं की समस्याओं पर हुई चर्चा

[inb_subtitle]

Author Picture
thenewsmp
November 13, 2026
Author Picture
Published On: November 13, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा से मुलाकात कर उनका आभार जताया और अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने हाईकोर्ट बार के विकास, अधिवक्ताओं की सुविधाओं और विशेष रूप से महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान विवेक तन्खा ने सभी समस्याओं के निराकरण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

महिला अधिवक्ताओं की परेशानी होगी दूर

मुलाकात के दौरान विवेक तन्खा ने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी उनके परिवार का हिस्सा हैं। उनसे मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। बार पदाधिकारियों ने जो भी छोटी-बड़ी कठिनाइयां बताई हैं, उन्हें दूर करने के लिए वे पूरी मदद करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए काम करना उनके प्रमुख सेवा क्षेत्रों में शामिल है। महिलाओं के कष्ट दूर करना उनकी प्राथमिकता रही है। ऐसे में यदि वे महिला अधिवक्ताओं के हित में कुछ कर पाते हैं तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। उन्होंने अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह को आश्वस्त किया कि महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का प्रयास करेंगे।

पारिवारिक रिश्तों का भी किया जिक्र

विवेक तन्खा ने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन से उनका रिश्ता केवल पेशेवर नहीं, बल्कि पारिवारिक भी है। उन्होंने पुराने पारिवारिक संबंधों को याद करते हुए बताया कि मृगेंद्र सिंह के पिता आरएन सिंह उनके पिता के मित्र रहे हैं। रीवा से जुड़े पुराने रिश्तों और आत्मीयता के कारण यह मुलाकात उनके लिए खास रही।

बार के रिनोवेशन में मिलेगा सहयोग

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद से ही राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा से मुलाकात की योजना थी, लेकिन व्यस्तताओं के चलते संयोग नहीं बन पा रहा था। शुक्रवार को सभी पदाधिकारियों के साथ उनसे मुलाकात हुई। उन्होंने बार और अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। मृगेंद्र सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में रिनोवेशन का कार्य चल रहा है। अध्यक्ष और पूरी टीम के प्रयासों से जल्द ही बार का स्वरूप भव्य बनाया जाएगा। इस कार्य में भी विवेक तन्खा ने सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद ने हमेशा अधिवक्ताओं के हितों के लिए समर्पित रहने और बार एसोसिएशन के साथ खड़े रहने की बात कही है।

Leave a Comment