विज्ञापन

MP : दीपावली की रात आग का तांडव, कटनी और सिवनी में 12 मौतों से दहला मध्यप्रदेश, दो माह के मासूम समेत दो परिवार उजड़े

[inb_subtitle]

Author Picture
thenewsmp
November 9, 2026
Author Picture
Published On: November 9, 2026

विज्ञापन

मध्यप्रदेश में दीपावली की खुशियां कई परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा मातम बन गईं। एक तरफ सिवनी जिले के छपारा में भीषण अग्निकांड ने पांच जिंदगियां छीन लीं, तो दूसरी तरफ कटनी जिले के बरही में आग ने एक ही परिवार के छह लोगों को मौत की नींद सुला दिया। दोनों जिलों में हुए इन दर्दनाक हादसों में अब तक कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है। कटनी में मरने वालों में दो माह का मासूम भी शामिल है। वही सिवनी के छपारा में दो बुजुर्ग सहित एक महिला ओर बच्चे शामिल है। त्योहार की रात हुए इन अग्निकांडों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि मकान में मौजूद परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की विकरालता के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

इस हृदयविदारक हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम की मौत हो गई। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरे बरही में शोक की लहर है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार और मातम छा गया।

आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से मकान की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इस दौरान स्थानीय युवाओं ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

इस अग्निकांड के दौरान दमकल वाहनों की पाइप में खराबी सामने आने की बात भी सामने आई है। इसके चलते आग बुझाने में परेशानी हुई। घटना के बाद अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों और प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर जब आग लगने की आशंका सबसे ज्यादा रहती है तब दमकल की व्यवस्थाएं कितनी मुस्तैद थीं यह जांच का विषय है।

उधर सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में भी तड़के करीब तीन बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में छह लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से पांच की मौत की पुष्टि डॉक्टरों ने की है। यहां भी दमकल और एंबुलेंस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कटनी और सिवनी के इन दो अग्निकांडों ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया। कुल 12 लोगों की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या समय रहते बेहतर अग्निशमन व्यवस्था और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते तो इन अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता था।

Leave a Comment