जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोर अब आम लोगों के साथ सरकारी अधिकारियों के घरों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला संस्कार सिटी, सूरतलाई का है, जहां मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (एमपीबी) में पदस्थ जूनियर इंजीनियर के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान समेट ले गए। चोरों ने घर से चांदी के जेवर, पायल और 25 हजार रुपए नकद पार कर दिए। वारदात के वक्त अधिकारी अपनी पत्नी को छोड़ने ग्वालियर गए हुए थे।
पीड़ित जूनियर इंजीनियर इंद्रपाल सिंह ने बताया कि वे 9 नवंबर की रात पत्नी को छोड़ने ग्वालियर गए थे। इसी दौरान परिचित शोभा का फोन आया। उन्होंने बताया कि घर के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही इंद्रपाल सिंह अगले दिन वापस जबलपुर लौट आए। घर पहुंचकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और चोर कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित के मुताबिक चोरी में करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
स्थानीय निवासी बृजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि संस्कार सिटी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले महीने भी दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया था और अब तीसरे घर में चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि लगातार वारदातों के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। इससे कॉलोनी के लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी चारों तरफ से खुली हुई है। यहां बाउंड्रीवॉल नहीं है और प्रवेश द्वार भी रात में खुला रहता है। सुरक्षा के लिए दो गार्ड तैनात हैं, जो रात में गश्त करते हैं, लेकिन इतनी बड़ी कॉलोनी में दो गार्ड हर गली और हर घर पर नजर नहीं रख सकते। चोर आसानी से किसी भी तरफ से दाखिल होकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
पीड़ित इंद्रपाल सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और दो बार कार्रवाई के लिए आई भी है, लेकिन कॉलोनी में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जरूरत है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि एक बार चोरों को पकड़ लिया जाए तो पूरी गैंग का खुलासा हो सकता है। रहवासियों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरियों के कारण अब घर छोड़कर किसी समारोह या पार्टी में जाना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश कर रही है
