जबलपुर। शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए जबलपुर पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पनागर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुंडा परेड कराकर अपराधियों को कानून का आईना दिखाया। पुलिस ने पनागर और आसपास के गांवों में रहने वाले करीब 20 ऐसे लोगों को थाने बुलाया, जिनके नाम पुलिस रिकॉर्ड में गुंडा सूची में दर्ज हैं या फिर जिनकी गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी है। थाने में एक साथ इतने बदमाशों की मौजूदगी से पुलिस ने साफ संदेश दिया कि अपराध की दुनिया में सक्रिय रहने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।
गुंडा लिस्ट वालों की थाने में हाजिरी
पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देश पर शहर में आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पनागर पुलिस ने क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों और निगरानी सूची में शामिल लोगों को बुलाकर उनकी परेड कराई। इसमें करीब 20 लोगों को शामिल किया गया। पुलिस ने सभी का रिकॉर्ड खंगाला और उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
पुराने हों या नए, पुलिस की नजर से नहीं बचेंगे
गुंडा परेड में केवल नए या सक्रिय अपराधी ही नहीं, बल्कि पुराने बदमाश भी शामिल रहे। कुछ ऐसे लोग भी पुलिस के सामने पहुंचे, जिनकी आपराधिक गतिविधियों का पुराना रिकॉर्ड है। पुलिस ने सभी को स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपराध से तौबा की तो गुंडा लिस्ट से छुट्टी!
इस परेड में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हुए, जो अब अपराध की दुनिया से दूरी बना रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों के रिकॉर्ड और वर्तमान गतिविधियों की भी जांच कर रही है। यदि यह साबित होता है कि उन्होंने आपराधिक गतिविधियां छोड़ दी हैं और लंबे समय से उनका आचरण ठीक है, तो नियमानुसार उनका नाम गुंडा सूची से हटाने पर विचार किया जा सकता है।
पुलिस का संदेश, सुधर जाओ वरना कार्रवाई तय
सीएसपी अधारताल राजेश्वरी कौरव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पनागर और आसपास के गांवों के करीब 20 आपराधिक तत्वों को बुलाकर गुंडा परेड कराई गई। इनमें सक्रिय और पुराने अपराधियों के साथ ऐसे लोग भी शामिल थे, जो अब अपराध से दूरी बना रहे हैं। पुलिस सभी का रिकॉर्ड चेक कर रही है। जो लोग अपराध से दूरी बनाए रखेंगे, उनके नाम गुंडा सूची से हटाने पर भी विचार किया जाएगा। पुलिस का मकसद अपराधियों पर निगरानी रखने के साथ उन्हें अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी है।
