हंसराज सिंह ठाकुर, जबलपुर
जबलपुर। संस्कारधानी में गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार पर शिकंजा कसा है। भेड़ाघाट पुलिस ने नहर किनारे लावारिस हालत में खड़ी एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो से 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। वहीं घमापुर पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 7 ग्राम गांजा जब्त किया है। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 137 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पड़ताल में जुटी है।
नहर किनारे खड़ी थी संदिग्ध स्कॉर्पियो
भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के मुताबिक 17 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि चौकीताल नहर के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लम्हेटा मोड़ के पास कच्चे रास्ते पर काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी मिली। वाहन पर बाहर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जांच करने पर स्कॉर्पियो की पीछे वाली सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ मिला, जबकि पीछे की तरफ बायां टायर भी फटा हुआ था।
12 पैकेट में मिला 136 किलो गांजा
पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की डिक्की खोलकर तलाशी ली तो अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे 12 पैकेट रखे मिले। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा भरा हुआ था। तौल कराने पर कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा निकला, जिसकी कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस को वाहन के अंदर एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 लिखा हुआ था। पुलिस ने गांजा और स्कॉर्पियो दोनों जब्त कर लिए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब वाहन के मालिक और गांजे की खेप से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
घमापुर में महिला के घर मिला गांजा
इधर, घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए रखे हुए है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर महिला भागने लगी, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीता कुचबंधिया उम्र 40 वर्ष, निवासी लालमाटी चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया।
अलमारी में छिपाकर रखी थी पुड़िया
महिला की तलाशी और घर की जांच के दौरान कमरे में रखी अलमारी से ऑरेंज और सफेद रंग के थैले में गांजे की पुड़िया मिलीं। इनका वजन करने पर कुल 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर रीता कुचबंधिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

