जबलपुर। शहर में ई-रिक्शा और उनकी बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का घमापुर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों आरिफ अली और शुभम रेती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा और चार बैटरियां बरामद की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक शीतलामाई क्षेत्र से एक इलेक्ट्रॉनिक रिक्शा चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस वारदात में चोर ई-रिक्शा के साथ उसकी बैटरी भी ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए घमापुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ के बाद आरिफ अली और शुभम रेती को गिरफ्तार किया गया।
ई-रिक्शा के साथ बैटरियों का भी खेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया ई-रिक्शा और उसकी बैटरी बरामद की। इसके अलावा उनके कब्जे से तीन अन्य बैटरियां भी जब्त की गई हैं। इस तरह पुलिस ने कुल चार बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ई-रिक्शा चोरी करने के साथ उनकी बैटरियां निकालकर भी चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
11 अपराधों का पुराना रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरिफ अली कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ पूर्व में करीब 11 अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में कैंट, गोरखपुर और ग्वारीघाट क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ
घमापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में शहर में हुई ई-रिक्शा और बैटरी चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी के अन्य मामलों, माल की बरामदगी और उनके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
