विज्ञापन

जबलपुर : नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं! पुलिस छीन लेगी करोड़ों की काली कमाई, तस्करों की संपत्तियों का जुटाया जा रहा ब्यौरा

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
November 25, 2026
Author Picture
Published On: November 25, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। शहर को नशे की मंडी बनाने वाले तस्करों पर अब पुलिस दोहरी मार करने की तैयारी में है। गांजा, नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप के जरिए नशे का कारोबार चलाने वालों को सिर्फ गिरफ्तार कर जेल भेजने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी आर्थिक रूप से कमर तोड़ने की रणनीति तैयार की गई है। पुलिस अब नशे के सौदागरों की संपत्तियों का हिसाब-किताब जुटा रही है। इसके लिए वित्तीय अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। वहीं, तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि जबलपुर में नशे का कारोबार किस कदर फैला हुआ है। 1 जनवरी से अब तक पुलिस ने 64 प्रकरणों में 105 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1260 किलो गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 7 हजार से ज्यादा नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप की बोतलें भी बरामद की गई हैं। डोडा चूरा की तस्करी पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।

नशे के सौदागर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने तरीके और रास्ते बदल रहे हैं। पहले गांजे की खेप सड़क मार्ग से लाई जाती थी, फिर तस्करों ने ट्रेन का सहारा लिया और इसके बाद हाईवे के रास्ते तस्करी शुरू कर दी। अब उड़ीसा से गांजे की खेप सीधे जबलपुर लाने के बजाय इलाहाबाद के रास्ते घुमाकर पहुंचाई जा रही है। तस्करों ने नशीले इंजेक्शन छिपाने के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनियों के गोदामों का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है। पुलिस ने ऐसे ही एक गोदाम पर कार्रवाई कर नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।

हाल ही में गोसलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने उड़ीसा से आ रही करीब 870 किलो गांजे की बड़ी खेप पकड़ी थी। वहीं भेड़ाघाट क्षेत्र में एक वाहन से 130 किलो गांजा जब्त किया गया। इन बड़ी कार्रवाइयों के चलते इस साल जब्त गांजे की कुल मात्रा 1260 किलो तक पहुंच गई है। पुलिस ने शहर के 18 ऐसे हॉटस्पॉट भी चिह्नित किए हैं, जहां नशे की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली है।

एडिशनल एसपी क्राइम जितेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस अब नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए वित्तीय जांच कर रही है। तस्करों की संपत्तियों का ब्यौरा जुटाकर संबंधित प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। PIT-NDPS यानी मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत निवारक कार्रवाई के लिए मामले राजस्व आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। पुलिस का मकसद साफ है कि नशे का कारोबार करने वालों को जेल भेजने के साथ उनकी अवैध कमाई और नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया जाए।

Leave a Comment