जबलपुर। निजी अस्पतालों की मनमानी और मरीजों के परिजनों से भारी-भरकम बिल वसूलने का एक और मामला सामने आया है। इस बार मामला जबलपुर के आदित्य हॉस्पिटल का है, जहां ब्रेन स्ट्रोक के मरीज को डिस्चार्ज करने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। अस्पताल प्रबंधन पर आरोप है कि मरीज का महज तीन दिन इलाज करने के एवज में परिजनों को करीब 3 लाख रुपये का बिल थमा दिया गया। इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि बिल को लेकर असहमति जताने और मरीज को डिस्चार्ज करने की मांग करने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें परेशान किया।
दरअसल, जमुनिया निवासी अशोक पटेल को ब्रेन स्ट्रोक की शिकायत के बाद आदित्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन के इलाज के बाद जब परिजनों ने मरीज को डिस्चार्ज करने की बात कही तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से भारी-भरकम बिल थमा दिया गया। बिल की राशि और डिस्चार्ज को लेकर अस्पताल प्रबंधन तथा परिजनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परेशान परिजनों ने बरगी विधायक नीरज सिंह को इसकी सूचना दी।
मरीज के परिजनों की शिकायत पर विधायक नीरज सिंह तत्काल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बिल और मरीज को डिस्चार्ज नहीं करने को लेकर सवाल-जवाब किए। तीन दिन के इलाज के लिए तीन लाख रुपये का बिल और मरीज के परिजनों की परेशानी देखकर विधायक ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति नाराजगी जाहिर की। इस दौरान अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
जबलपुर सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि आदित्य हॉस्पिटल में भर्ती जमुनिया निवासी अशोक पटेल के मामले की जानकारी उन्हें गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक नीरज सिंह ने दी थी। विधायक ने बताया था कि मरीज आर्थिक रूप से कमजोर है और परिजन उसका इलाज आयुष्मान योजना के तहत कराना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के आयुष्मान मित्र जितेंद्र तिवारी से संपर्क किया था। उन्होंने सुबह डॉक्टर तरुण नागपाल से चर्चा कर आयुष्मान पैकेज लगाने की बात कही थी।
अस्पताल प्रबंधन को शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि मरीज की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और वह आयुष्मान योजना के भरोसे ही इलाज कराने आया है। बाद में जानकारी मिली कि मरीज की हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे नागपुर ले जाना चाहते हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपये लेने के बाद 1 लाख 30 हजार रुपये का अतिरिक्त बिल थमा दिया था। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बात की, लेकिन दो-तीन घंटे तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद विधायक नीरज सिंह भी आधी रात को अस्पताल पहुंचे और मरीज की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए प्रबंधन से अतिरिक्त राशि नहीं मांगने की बात कही।
सीएमएचओ ने बताया कि विधायक ने पूरे मामले से कलेक्टर को भी अवगत कराया था, जिसके बाद कलेक्टर ने उन्हें फोन कर मामले का समाधान कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वे स्वयं अस्पताल पहुंचे, जहां विधायक भी मौजूद थे। अस्पताल प्रबंधन से कहा गया कि मरीज की हालत गंभीर है और नागपुर ले जाने के लिए एंबुलेंस भी पहुंच चुकी है, ऐसे में उससे अतिरिक्त राशि की मांग नहीं की जाए और उसे जाने दिया जाए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने सहयोग करते हुए मरीज को नागपुर ले जाने की अनुमति दे दी।
अस्पताल पर कार्रवाई के सवाल पर सीएमएचओ ने कहा कि यह मरीज और उसके परिजनों की शिकायत पर निर्भर करेगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने मरीज को पहले ही बता दिया था कि उसका आयुष्मान कार्ड स्वीकार नहीं होगा। हालांकि, शुरुआत में अस्पताल को मरीज की आर्थिक स्थिति और आयुष्मान योजना के भरोसे इलाज कराने आने की जानकारी दे दी गई थी। यदि मरीज के परिजन लिखित शिकायत करते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए CMHO और पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में बातचीत के बाद मामला सुलझाया गया। विधायक नीरज सिंह ने अस्पताल प्रबंधन की कथित लापरवाही और मनमानी से जुड़ा वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया है। उन्होंने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
