विज्ञापन

दिल्ली बाली गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने BTECH पास युवक बना ट्रेन का चोर, इश्क के चक्कर में 8.26 लाख का माल पार!

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
October 27, 2026
Author Picture
Published On: October 27, 2026

विज्ञापन

ग्वालियर। इश्क का जुनून जब सिर चढ़कर बोलता है, तो कुछ लोग अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक गुजरने को तैयार हो जाते हैं। ग्वालियर में सामने आया चोरी का यह मामला भी कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रहा है। दिल्ली बाली गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के चक्कर में एक BTech पास युवक ट्रेनों में यात्रियों के बैग चोरी करने लगा। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई अनपढ़ या मजबूरी में अपराध की दुनिया में उतरा युवक नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और उसके पिता एयरफोर्स में पदस्थ हैं। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए वह ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। GRP ने आरोपी दीपक मौर्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 8 लाख 26 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

कहानी में प्यार है, महंगे शौक हैं और उन शौक को पूरा करने के लिए अपराध का रास्ता चुनने वाला एक पढ़ा-लिखा युवक भी। पुलिस की जांच के मुताबिक, दीपक मौर्य दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए ट्रेनों में यात्रियों के बैग निशाना बनाता था। हालांकि, उसकी गर्लफ्रेंड के शौक क्या थे और चोरी की रकम या सामान का इस्तेमाल किस तरह किया जाता था, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। लेकिन इस मामले ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर प्यार के नाम पर कोई पढ़ा-लिखा युवक अपराध की राह क्यों चुनता है।

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर GRP की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जिसके पास एक ट्रॉली बैग था। पुलिस ने जब उससे यात्रा का टिकट मांगा, तो वह टिकट नहीं दिखा सका। बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ हुई, लेकिन युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह गहराया तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद ट्रेनों में यात्रियों के बैग चोरी करने का मामला सामने आया और पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस जांच में आरोपी के काम करने का एक दिलचस्प पैटर्न भी सामने आया है। GRP के मुताबिक, दीपक महीने की 3, 5 और 7 तारीख को चोरी की वारदातों के लिए ज्यादा सक्रिय रहता था। वह ट्रेन में यात्रियों के बैग पर नजर रखता और मौका मिलते ही उन्हें लेकर निकल जाता था। इसके बाद बैग से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान निकाल लेता था। कई बार बचे हुए बैग और सामान को मेले के मैदान में झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को दे देता था। पुलिस ने वहां से सात ट्रॉली बैग बरामद किए हैं।

आरोपी के घर की तलाशी में 32 ट्रॉली बैग, दो लगेज बैग, एक लैपटॉप और चार मोबाइल फोन सहित करीब 8.26 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। अब GRP बरामद सामान के असली मालिकों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दीपक ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल था।

फिलहाल, इस कहानी का सबसे चौंकाने वाला पहलू यही है कि BTech की डिग्री हासिल करने वाला युवक कथित तौर पर अपनी प्रेम कहानी के खर्च उठाने के लिए चोरी के रास्ते पर उतर आया। प्यार के लिए शौक पूरे करने की चाहत ने उसे कहां पहुंचा दिया, इसका जवाब अब पुलिस की जांच और अदालत में सामने आने वाले तथ्यों से मिलेगा।

Leave a Comment