जबलपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोहलपुर थाना पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी के दो दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर उर्फ गोला अंसारी (21), निवासी टेढ़ी नीम, हनुमानताल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में उसका 16 वर्षीय साथी भी शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है।
घर के पास से चोरी हुई थी स्कूटी
पुलिस के अनुसार, गोहलपुर थाना क्षेत्र में सुजान मंसूरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सरदार एजेंसी के पास स्थित उनके घर से अज्ञात चोर उनकी एक्सेस स्कूटी चोरी कर ले गया है। स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 20 ST 2426 है। शिकायत के आधार पर गोहलपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वाहन चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। साथ ही, पहले वाहन चोरी के मामलों में पकड़े गए आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आनंद नगर में आदिवासी छात्रावास के पास एक युवक चोरी की स्कूटी लेकर खड़ा है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गोहलपुर पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां एक युवक काले रंग की स्कूटी पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ गोला अंसारी बताया।
पुलिस ने जब स्कूटी के दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने यह स्कूटी अपने 16 वर्षीय साथी से महज 2,500 रुपये में खरीदी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उससे विस्तार से पूछताछ की तो वाहन चोरी की एक और वारदात का खुलासा हुआ।
गढ़ा क्षेत्र से चुराई थी यामाहा R15
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने 16 वर्षीय साथी के साथ मिलकर गढ़ा क्षेत्र से यामाहा R15 मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल पंचवटी स्कूल के पीछे रखी गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसका रजिस्ट्रेशन नंबर OD 07 AG 2341 बताया गया है।
पुलिस ने गोहलपुर से चोरी हुई सुजान मंसूरी की एक्सेस स्कूटी और गढ़ा क्षेत्र से चोरी हुई यामाहा R15 को जब्त कर लिया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। आरोपी को गोहलपुर थाने में दर्ज चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उसके नाबालिग साथी की तलाश कर रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
इनकी रही अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह गुर्जर और गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। वाहन बरामदगी में उप निरीक्षक अंबुज पांडे, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह और महेंद्र प्रताप तथा आरक्षक समरेन्द्र, आलोक यादव, गोपाल राय और अभिरंजन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
