जबलपुर। पत्नी की तबीयत खराब है, अस्पताल में इलाज चल रहा है और पैसों की जरूरत है… इसी बात को लेकर तीन दोस्तों ने चोरी की साजिश रच डाली। तीनों काली बुलेट पर सवार होकर दिनदहाड़े सूने मकान में पहुंचे। पहले घर का ताला तोड़ा और फिर अलमारी का लॉकर तोड़कर डेढ़ लाख रुपए नकद और करीब चार लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद तीनों ने रास्ते में ही माल का बंटवारा कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद तीनों चोरों के साथ एक अंडा बेचने वाली की की भूमिका भी सामने आई हैं।
मामला 3 नवंबर 2026 का है ग्राम बिजौरी निवासी परिवार अपनी पत्नी के साथ तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने धर्मपुरा गया था। घर पर ताला लगा था और बेटा अनाज बेचने जबलपुर मंडी गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 12:10 बजे बेटे को फोन आया कि घर का ताला टूटा हुआ है। परिवार मौके पर पहुंचा तो घर की शटर बंद थी, लेकिन अंदर अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था। उसमें रखे डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 5 लाख 59 हजार रुपए बताई गई।
पुलिस पूछताछ में हेमंत चक्रवर्ती ने बताया कि रुपेश चौधरी ने पत्नी की तबीयत खराब होने और जबलपुर अस्पताल में भर्ती होने की बात कहकर पैसों की जरूरत बताई थी। इसके बाद तीनों दोस्तों ने चोरी करने की योजना बना ली। 3 नवंबर को हेमंत, सद्दाम उर्फ इमरान और रुपेश काले रंग की बुलेट लेकर निकले। उनके पास ताला तोड़ने के लिए लोहे की रॉड और शॉकअप पाइप भी था।
रुपेश बुलेट चलाकर मकानों की रेकी कर रहा था। बिजौरी गांव के आखिरी छोर पर एक मकान सूना दिखाई दिया तो बाइक रोक दी। इसके बाद हेमंत और सद्दाम ने ताला तोड़ा और घर के अंदर घुस गए। दोनों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी और जेवर समेटे और कुछ ही देर में बुलेट से फरार हो गए।
वारदात के बाद तीनों नर्मदा नदी के पुल से पहले सुनसान जगह पर रुके। यहां डेढ़ लाख रुपए आपस में 50-50 हजार बांट लिए। चांदी की पायल और बच्चों के चांदी के चूड़े भी आपस में बांट लिए गए। कुछ जेवर रुपेश को बेचने के लिए दिए गए, जबकि सोने का हार सद्दाम ने अपने पास रख लिया।
पूछताछ में सामने आया कि रुपेश ने सोने के कुछ जेवर और चांदी के चूड़े गोटेगांव के एक सुनार को 10 हजार रुपए में बेच दिए। वहीं सद्दाम ने सोने का हार कृष्ण कुमार चक्रवर्ती को एक लाख रुपए में बेचा था। इसकी रकम किस्तों में मिलनी थी। पहली किस्त के 10 हजार रुपए मिलने पर तीनों ने 6-6 हजार रुपए आपस में बांट लिए।
पुलिस ने रुपेश चौधरी (32), हेमंत चक्रवर्ती (25), सद्दाम उर्फ इमरान (32) और कृष्ण कुमार चक्रवर्ती (37) के खिलाफ कार्रवाई की है। चोरी में इस्तेमाल बुलेट, ताला तोड़ने के औजार और जेवरों की बरामदगी को लेकर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी चरगवां सरोजिनी चौकसे के मुताबिक, पुलिस ने पूछताछ के बाद दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा किया है। फिलहाल एक आरोपी को रिमांड पर लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है
