विज्ञापन

जबलपुर : स्कूल के पीछे खेत में जहरीले बीज! खेल-खेल में 6 मासूमों ने खाए रतनजोत के बीज, बिगड़ी तबीयत, मचा हड़कंप

[inb_subtitle]

Author Picture
thenewsmp
November 28, 2026
Author Picture
Published On: November 28, 2026

विज्ञापन

हंसराज सिंह ठाकुर, जबलपुर
जबलपुर। स्कूल में पढ़ने और खेलने पहुंचे मासूम बच्चों के साथ ऐसा हादसा हुआ कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बरगी क्षेत्र के बम्हनी गांव स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में भोजन की छुट्टी के दौरान खेल रहे पांच बच्चों ने अनजाने में रतनजोत के बीज खा लिए। कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को उल्टी की परेशानी होने लगी तो कोई चक्कर खाकर स्कूल में ही गिर पड़ा, बच्चों की हालत देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्कूल में गांव वालों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई। बच्चों की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस बुलाई गई और 6 बच्चों को बरगी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां हालात बिगड़ते देख पांच बच्चों को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल में भोजन की छुट्टी हुई थी। इस दौरान बच्चे स्कूल के पीछे खेत की तरफ खेलने चले गए। खेलते-खेलते पांच बच्चों ने रतनजोत के बीज खा लिए। मासूमों को अंदाजा भी नहीं था कि खेल-खेल में खाए गए ये बीज उनकी तबीयत बिगाड़ सकते हैं। दोपहर करीब 2 बजे छुट्टी खत्म होने के बाद सभी बच्चे कक्षा में लौट आए। कुछ ही देर में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। बच्चों को पहले बरगी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल में इलाजरत बच्चों में 9 वर्षीय लक्ष्य, 9 वर्षीय अनमोल नेताम, 8 वर्षीय ललन शाह, 10 वर्षीय राहुल मरावी और 9 वर्षीय अभय वरकड़े है। जिनको अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि रतनजोत के बीज खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। सभी का इलाज डॉक्टर पवन घनघोरिया की निगरानी में चल रहा है। अस्पताल के मुताबिक, अनमोल और राहुल की हालत स्थिर है। लक्ष्य और अभय पर भी डॉक्टर नजर रखे हुए हैं, जबकि ललन शाह की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल पांचों बच्चों का उपचार जारी है।

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर स्कूल के पीछे खेत में लगे रतनजोत के पौधे और उनके बीज बच्चों की पहुंच में कैसे थे। क्या स्कूल प्रबंधन ने कभी परिसर और आसपास की जगहों का निरीक्षण किया छोटे बच्चे खेलते समय अनजान चीजों को उठाकर खा लेते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को अस्पताल पहुंचा दिया गया। लेकिन इस घटना ने यह जरूर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि स्कूल में पढ़ने वाले मासूमों की सुरक्षा के लिए आखिर कितनी सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Comment