विज्ञापन

जबलपुर : जबलपुर में 9 साल की बेटी के साथ मां ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा….पति के दूसरी महिला से..

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
November 26, 2026
Author Picture
Published On: November 26, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। के गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 40 वर्षीय महिला ने अपनी 9 वर्षीय मासूम बेटी के साथ घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां-बेटी की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान अंजना कुशवाहा और उनकी बेटी मुस्कान कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक अंजना कुशवाहा का वर्ष 2013 में मनीष कुशवाहा के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ साल बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए थे। मृतका की ननद और रिश्तेदार दीपिका पटेल ने आरोप लगाया कि मनीष के दूसरी महिला से संबंध थे, जिसके चलते वह अंजना को लगातार प्रताड़ित करता था। आरोप है कि पति न केवल अंजना के चरित्र पर संदेह करता था, बल्कि उसे अपमानित भी करता था। मायके जाने पर भी उसे ताने दिए जाते थे। परिजनों का कहना है कि घर में आए दिन विवाद होता था और इसी प्रताड़ना से परेशान होकर अंजना ने यह कदम उठाया।

मृतका की ननद दीपिका पटेल ने बताया कि अंजना पिछले सात-आठ वर्षों से नर्मदा नगर में रह रही थी। आरोप है कि पति दूसरी महिला के चक्कर में पड़ गया था और इसी बात को लेकर अंजना को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। दीपिका के मुताबिक अंजना को मायके जाने तक पर ताने सुनने पड़ते थे। परिजनों ने पति मनीष कुशवाहा और एक अन्य महिला पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मृतका के बेटे अभिषेक कुशवाहा ने बताया कि घटना के समय वह अपने ऑफिस में था। इसी दौरान पड़ोस से फोन आया कि घर में मां और बहन फांसी पर लटके हुए हैं। वह तत्काल घर पहुंचा तो दोनों के शव फंदे पर मिले। अभिषेक ने भी मां और बहन को प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए। उसका कहना है कि घटना के बाद मोहल्ले में हंगामा हुआ और एक अन्य महिला के परिवार से जुड़े युवक द्वारा चाकू लेकर उसे धमकाने की कोशिश भी की गई। हालांकि इस संबंध में भी पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक नर्मदा नगर बस्ती नंबर एक में अंजना कुशवाहा उम्र लगभग 40 वर्ष और उनकी बेटी मुस्कान कुशवाहा उम्र लगभग 10 वर्ष द्वारा घर के अंदर कमरे में फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। सुसाइड नोट को भी जांच में शामिल किया गया है। उसमें क्या लिखा है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Comment