विज्ञापन

संतान के सपने दिखाकर 50 हजार की ठगी, दवाओं से बिगड़ी सेहत, मेडिकल संचालक पर गंभीर आरोप

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
October 14, 2026
Author Picture
Published On: October 14, 2026

विज्ञापन

संतान की किलकारी सुनने की चाहत, इलाज की उम्मीद और बेहतर जिंदगी का सपना… लेकिन इसी उम्मीद के बीच अगर कोई आपकी जेब भी खाली कर दे और सेहत से भी खिलवाड़ होने लगे, तो दर्द आखिर कौन समझेगा जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संतान प्राप्ति की आस में एक परिवार कथित तौर पर 50 हजार रुपये गंवा बैठा। अब पीड़ित परिवार ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत दवाइयां देने, इलाज के नाम पर पैसे ऐंठने, गाली-गलौज करने और धमकाकर भगाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

मामला कांचघर निवासी काजल दाहिया से जुड़ा है। काजल ने हनुमानताल थाना पुलिस को दिए आवेदन में अग्रवाल मेडिकल स्टोर के संचालक सुनील अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि संतान प्राप्ति के लिए इलाज कराने की उम्मीद में वह मेडिकल संचालक के संपर्क में आई थी। संचालक ने जल्द फायदा होने का भरोसा दिलाया और दवाइयां देना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में उससे करीब 50 हजार रुपये ले लिए गए।

लेकिन जिस इलाज से राहत मिलने की उम्मीद थी, उसी के बाद परेशानी बढ़ने का आरोप है। महिला का दावा है कि दवाइयों के सेवन के बाद उसे गर्भाशय में तेज दर्द, सूजन और इंफेक्शन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। संतान की उम्मीद में शुरू हुआ यह सिलसिला अब उसके लिए शारीरिक परेशानी और आर्थिक नुकसान का कारण बन गया है।

इस मामले में पीड़िता ने एक और चौंकाने वाला आरोप लगाया है। काजल के मुताबिक, मेडिकल संचालक ने उसके पति की सही रिपोर्ट को भी गलत बताते हुए उन्हें दवाइयां दे दीं। आरोप है कि इन दवाओं के सेवन के बाद पति की तबीयत बिगड़ गई और वह पिछले 15 से 20 दिनों से बिस्तर पर हैं। हालांकि, दवाओं और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध तथा इलाज में कथित लापरवाही की पुष्टि जांच और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर ही हो सकेगी।

पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, जब वह अपनी परेशानी बताने और मामले का समाधान मांगने मेडिकल स्टोर पहुंची, तो संचालक ने मदद करने से इनकार कर दिया। महिला का दावा है कि उसे दवाइयों का बिल भी नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, सवाल करने पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, गाली-गलौज की गई और धमकी देकर दुकान से भगा दिया गया।

इलाज के नाम पर कथित ठगी, सेहत से खिलवाड़ और बदसलूकी के आरोपों के बीच पीड़ित परिवार ने अब पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। काजल दाहिया ने हनुमानताल थाने में आवेदन देकर मेडिकल स्टोर संचालक सुनील अग्रवाल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित जांच थाना प्रभारी को भेज दी है पुलिस अधिकारियों को कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उस पर कार्यवाही की जाएगी

Leave a Comment