विज्ञापन

जबलपुर : बंडा विधायक के साले की गोली मारकर हत्या, MPEB सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान खूनी वारदात

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
November 28, 2026
Author Picture
Published On: November 28, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र के ननवारा गांव स्थित एमपीईबी सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर गजेंद्र सिंह लोधी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उनकी पीठ में गोली मारी और फिर धारदार हथियार से सिर पर हमला किया। मृतक सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के सगे साले थे। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक गजेंद्र सिंह लोधी ननवारा स्थित एमपीईबी सब स्टेशन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। वह ड्यूटी के दौरान स्टेशन पर मौजूद थे, तभी अज्ञात आरोपी वहां पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे। गजेंद्र सिंह को घायल अवस्था में देखकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एडिशनल एसपी अंजना तिवारी ने बताया कि ननवारा गांव के एमपीईबी सब स्टेशन में गजेंद्र सिंह लोधी मृत अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के दौरान गोली लगने की पुष्टि हुई है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस सब स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment