विज्ञापन

जबलपुर : नए साल में शुरू होगा ‘मिशन आरोग्य वसुंधरा’, गांव-गांव पहुंचेगी कैंसर स्क्रीनिंग वैन, महिलाओं को मिलेगी जांच की सुविधा

[inb_subtitle]

Author Picture
thenewsmp
November 12, 2026
Author Picture
Published On: November 12, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के खिलाफ जागरूकता और शुरुआती पहचान की दिशा में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने बड़ी पहल की है। नए साल 2027 में वे ‘मिशन आरोग्य वसुंधरा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह मिशन खासतौर पर महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती पहचान पर केंद्रित होगा। इसके साथ ही ओरल कैंसर समेत अन्य कैंसर की स्क्रीनिंग की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
विवेक तन्खा ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग का पर्याप्त प्रावधान नहीं है। यही वजह है कि कई बार महिलाओं को बीमारी का पता तब चलता है, जब कैंसर तीसरी या चौथी स्टेज में पहुंच चुका होता है। ऐसी स्थिति में इलाज चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इस समस्या को देखते हुए सभी सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
मिशन के लिए तन्खा ने एक बड़ी और पूरी तरह उपकरणों से लैस मेडिकल वैन का ऑर्डर दिया है। यह वैन दिसंबर तक मिलने की उम्मीद है। इसके बाद 2 जनवरी 2027 से अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोटरी, लायंस, राउंड टेबल, जैन, सिख, सिंधी और गुजराती समाज सहित विभिन्न संस्थाओं ने इस मुहिम में सहयोग का भरोसा दिया है। 
इस अभियान के तहत गांवों और स्थानीय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। लोगों को एकत्रित कर उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। खासतौर पर महिलाओं में कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए उचित अस्पताल तक पहुंचाने का प्रयास होगा। तन्खा के मुताबिक मेडिकल कॉलेज, एम्स, अपोलो, जबलपुर हॉस्पिटल, चिरायु, अरविंदो और भोपाल मेमोरियल सहित कई अस्पतालों ने सहयोग का आश्वासन दिया है। स्क्रीनिंग के बाद संदिग्ध मरीजों को उनकी पसंद के अनुसार आगे की जांच और उपचार के लिए अस्पताल चुनने का विकल्प दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य जांच का कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाने और अनमोल जिंदगियां बचाने की मुहिम है। छोटी उम्र में मां को खोने वाले बच्चों और कैंसर से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को कम करना ही इस पहल का उद्देश्य है। मिशन में पुरुषों को भी ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग के दायरे में शामिल किया जाएगा। तन्खा ने अपील की कि 2027 में सभी संस्थाएं नई ऊर्जा के साथ इस जनसेवा अभियान से जुड़ें और कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।

Leave a Comment