जबलपुर। दीपावली की खुशियों के बीच जबलपुर के मुख्य बाजार में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई। तुलाराम चौक के पास विनोद जरी-गोटा की दुकान में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान की चौथी मंजिल तक लपटें पहुंच गईं। आसमान में उठते धुएं के गुबार और आग की लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सवा तीन बजे मिली सूचना, दौड़ी दमकल
फायर ब्रिगेड चालक अजीज सौंधिया के मुताबिक रात करीब 3:15 बजे फायर स्टेशन को तुलाराम चौक के पास विनोद जरी-गोटा की दुकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर जब आग की भयावहता देखी तो अतिरिक्त दमकल वाहनों की जरूरत महसूस हुई। इसके बाद दो दमकल वाहनों के साथ तीन टैंकर भी बुलवाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
चौथी मंजिल तक पहुंचीं आग की लपटें
दुकान संचालक विनोद कुमार को भी पुलिस के जरिए रात करीब सवा तीन बजे आग लगने की खबर मिली। दुकान पहुंचते ही आग का विकराल रूप देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की चौथी मंजिल पूरी तरह आग की चपेट में आ गई थी। यहां जरी-गोटा का थोक और फुटकर कारोबार होता है। आग में दुकान का कितना सामान जलकर खाक हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आसपास की दुकानों पर भी मंडराया खतरा
आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों तक लपटें पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। स्थानीय दुकानदार हिना परसवानी के मुताबिक काफी देर तक आग धधकती रही। दमकल वाहन मौके पर पहुंचने के बाद भी आग बुझाने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ी। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
आग की वजह अब भी अनजान
लार्डगंज थाने के एसआई लेखराम नादोनिया ने बताया कि करीब साढ़े तीन बजे आग की सूचना मिली थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। कई दमकल वाहनों और टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

