जबलपुर। प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। क्राइम ब्रांच, कुण्डम और मदनमहल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 14 कार्बाइड गन, 39 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड और गन बनाने का सामान बरामद हुआ है। खास बात यह है कि पुलिस को कार्बाइड गन की ऑनलाइन बिक्री और सप्लाई का भी शक है, जिसके बाद अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चल रहे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शहर में अब तक कितनी गन ऑनलाइन बेची गईं और कहां-कहां इनकी सप्लाई हुई है।
दरअसल दीपावली के दौरान कार्बाइड गन से होने वाली दुर्घटनाओं और गंभीर चोटों की आशंका को देखते हुए जिला दंडाधिकारी जबलपुर ने 17 अक्टूबर 2026 को कार्बाइड गन के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे इस कारोबार को संचालित कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बघराजी में मकान और दुकान पर दबिश
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर की शाम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि बघराजी के बाजार मोहल्ले में रहने वाला दशरथ बड़गैय्या अपने मकान में बिक्री के लिए कार्बाइड गन रखे हुए है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और कुण्डम पुलिस की टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान दशरथ के मकान के सामने वाले कमरे की सीढ़ियों के पास 10 कार्बाइड गन मिलीं। इसके अलावा गन बनाने में इस्तेमाल होने वाले 7 प्लास्टिक पाइप, 7 सर्किट और एक बोरी में रखा 11 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड बरामद किया गया। आरोपी दशरथ बड़गैय्या (58) के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी दौरान पुलिस ने बघराजी में ही एक दुकान पर दबिश देकर दुकान संचालक चित्रांश साहू (29) को पकड़ा। तलाशी में दुकान के अंदर चार प्लास्टिक पाइप से तैयार की गई चार कार्बाइड गन मिलीं। पुलिस ने इन्हें जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
मदनमहल में दुकान से मिला 39.500 किलो कार्बाइड
उधर, मदनमहल थाना पुलिस ने भी पेट्रोलिंग के दौरान बंसल ब्लड बैंक के पास सुखेजा टावर स्थित लाठिया ट्रेडर्स पर कार्रवाई की। दुकान संचालक विजय साहू (49), निवासी गोल्डन टाउन, माढ़ोताल की दुकान में रखे ड्रम की तलाशी लेने पर पत्थर के टुकड़ों के रूप में 39 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड मिला। इसकी कीमत करीब 2800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्बाइड जब्त कर जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
ऑनलाइन बिक्री पर भी पुलिस की नजर
प्रतिबंधित कार्बाइड गन की ऑनलाइन बिक्री को लेकर भी जबलपुर पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस को आशंका है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी इन गनों की सप्लाई की जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस ने संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से पत्राचार कर कार्बाइड गन की बिक्री और सप्लाई से जुड़ी जानकारी मांगी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ऑनलाइन माध्यम से जबलपुर में अब तक कितनी कार्बाइड गन बेची गई हैं और शहर के किन-किन इलाकों में इनकी सप्लाई हुई है। पुलिस का मकसद ऑनलाइन खरीद-बिक्री के नेटवर्क का पता लगाकर इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाना है।
एडिशनल एसपी अनु बेनिबाल का कहना है कि प्रतिबंधित कार्बाइड गन का इस्तेमाल लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके अवैध निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
