छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में एक स्कूटी सवार की दबंगई सामने आई है। पुराने पन्ना नाका पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे स्कूटी सवार ने प्राची कोच बस सर्विस के ड्राइवर के साथ जूते से मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार गलत साइड से बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह बस के सामने आकर गिर पड़ा। बस चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बस रोक दी, लेकिन हादसे की आशंका टलने के बाद भी स्कूटी सवार का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस के आगे गिरा, फिर ड्राइवर पर बरसाए जूते
जानकारी के मुताबिक, प्राची कोच बस सर्विस की बस छतरपुर से पन्ना की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुराने पन्ना नाका के पास एक स्कूटी सवार गलत दिशा से बस को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा। इसी कोशिश में वह बस के आगे आ गया और सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से बस चालक ने सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए और बस को रोक दिया।
इसके बाद उम्मीद थी कि स्कूटी सवार अपनी गलती समझते हुए मामला शांत कर लेगा, लेकिन घटनाक्रम ने दूसरा ही मोड़ ले लिया। आरोप है कि स्कूटी सवार ने उठने के बाद बस चालक से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। स्कूटी सवार ने जूता निकालकर ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया। सड़क पर हुई इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
लोगों ने किया विरोध, तब शांत हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सवार की हरकत देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विवाद खत्म होने के बाद बस यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य पन्ना के लिए रवाना हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर हुए इस विवाद और बस चालक के साथ मारपीट को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
बैरिकेडिंग और अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने का आरोप
पुराने पन्ना नाका क्षेत्र में यातायात का दबाव और अव्यवस्थित आवागमन भी स्थानीय लोगों की चिंता का विषय है। लोगों के मुताबिक, पुलिस लाइन तिराहे पर बैरिकेडिंग के कारण कट पॉइंट बंद होने और मुख्य मार्ग पर दुकानदारों के अतिक्रमण से वाहन चालकों को परेशानी होती है। शाम के समय इस मार्ग पर भीड़ बढ़ जाती है, जिससे जाम और विवाद की आशंका बनी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि घटना के समय मौके पर यातायात पुलिस का जवान तैनात नहीं था।
वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस वीडियो और घटनाक्रम के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल, स्कूटी सवार की पहचान, विवाद की पूरी वजह और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।
