विज्ञापन

जबलपुर: जबलपुर में असली-नकली किन्नरों का हाईवोल्टेज ड्रामा! असली किन्नरों ने दौड़ाया तो तालाब में कूदा युवक, एक घंटे तक पानी में छिपकर बचाई जान

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
November 26, 2026
Author Picture
Published On: November 26, 2026

विज्ञापन

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में असली और कथित नकली किन्नरों के बीच विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में आदि प्लाजा के सामने स्थित तालाब में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक खुद को घिरता देख अपनी जान बचाने के लिए तालाब में कूद गया। बताया जा रहा है कि युवक को असली किन्नरों का एक गुट दौड़ा रहा था। पीछा किए जाने और कथित मारपीट से घबराकर युवक ने पहले झाड़ियों में छिपने की कोशिश की, लेकिन जब पीछा नहीं छूटा तो उसने तालाब के पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद करीब एक घंटे तक वह पानी में छिपा रहा।

किन्नरों के दो गुटों में विवाद, युवक की दौड़ लगवाई

जानकारी के मुताबिक, आदि प्लाजा के सामने तालाब के पास किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। एक गुट ने युवक को कथित तौर पर नकली किन्नर बताते हुए उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई। खुद को चारों तरफ से घिरता देख युवक जान बचाने के लिए भागा और तालाब के किनारे झाड़ियों में छिप गया। लेकिन जब पीछा कर रहे लोगों ने उसकी तलाश जारी रखी तो युवक ने पानी में उतरकर छिपना ही बेहतर समझा।

एक घंटे तक पानी में छिपा रहा युवक

युवक के तालाब में कूदने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला। करीब एक घंटे तक पानी में छिपे रहने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग तालाब के किनारे खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।

डायल 112 ने संभाला मोर्चा, मशक्कत के बाद निकाला बाहर

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले स्थिति को संभाला और फिर तालाब में छिपे युवक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रधान आरक्षक राजेंद्र रघुवंशी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। वहां मौजूद लोगों ने युवक को कथित नकली किन्नर बताते हुए कहा कि असली किन्नरों के खदेड़ने पर वह तालाब में कूद गया था।

चाकू की चर्चा, तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक के पास चाकू और अन्य सामान होने की बात भी पुलिस को बताई थी। हालांकि, तालाब से बाहर निकालने के बाद जब उसकी जांच की गई तो उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। विवाद किस बात को लेकर हुआ, युवक के साथ वास्तव में मारपीट हुई थी या नहीं और उसे दौड़ाने वाले लोग कौन थे, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में असली और कथित नकली किन्नरों के बीच चलने वाले विवादों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल तालाब में कूदकर जान बचाने वाले युवक का यह घटनाक्रम इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Comment