जबलपुर। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने प्रयागराज और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच दो-दो ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का लाभ मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी मिलेगा। पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत बीना, रानी कमलापति और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज–एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल 16 और 23 दिसंबर को बुधवार के दिन प्रयागराज से शाम 6 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:25 बजे बीना पहुंचकर 7:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे रानी कमलापति और 11 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच-पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना होगी और शनिवार सुबह 7 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 04152 एसएमवीटी बेंगलुरु–प्रयागराज स्पेशल 19 और 26 दिसंबर को शनिवार सुबह 7 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी। यह ट्रेन इटारसी में दोपहर 12:35 बजे, रानी कमलापति में 2:15 बजे और बीना में शाम 4:45 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में नागपुर, बल्लारशाह, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 11 स्लीपर, 7 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। यात्री ट्रेन की विस्तृत समय-सारणी और ठहराव की जानकारी NTES ऐप, रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त कर सकते हैं।
