जबलपुर। दिसंबर में त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुबेदारगंज और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का फायदा मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी मिलेगा। पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है।
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 04171 सुबेदारगंज – एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 11, 18 और 25 दिसंबर 2026 को सुबेदारगंज से रात 9:20 बजे रवाना होगी। शनिवार को यह ट्रेन रात 1:35 बजे सतना पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद रवाना होगी। इसके बाद कटनी स्टेशन पर रात 2:50 बजे पहुंचेगी। यहां से आगे बढ़ते हुए ट्रेन जबलपुर स्टेशन पर सुबह 4:10 बजे पहुंचेगी और 4:20 बजे रवाना होगी। इटारसी स्टेशन पर सुबह 8:10 बजे पहुंचकर 8:20 बजे प्रस्थान करेगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए रविवार रात 9 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04172 एसएमवीटी बेंगलुरु–सुबेदारगंज स्पेशल प्रत्येक सोमवार को 14, 21 और 28 दिसंबर को सुबह 7 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी। वापसी के दौरान मंगलवार को इटारसी स्टेशन पर दोपहर 3:25 बजे, जबलपुर में शाम 7:30 बजे, कटनी में रात 9:55 बजे और सतना में रात 11 बजे पहुंचेगी। इन सभी स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन बुधवार सुबह 4:30 बजे सुबेदारगंज पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में नागपुर, बल्लारशाह, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर और धर्मावरम समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 9 स्लीपर, 6 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन की विस्तृत समय-सारणी और ठहराव की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in, NTES ऐप अथवा रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की अपील की है।
