जबलपुर। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अहमदाबाद और दरभंगा के बीच संचालित स्पेशल ट्रेन की एक-एक अतिरिक्त ट्रिप चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। रेलवे मुख्यालय ने 25 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है।
अहमदाबाद–दरभंगा स्पेशल ट्रेन 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को अहमदाबाद स्टेशन से रात 8:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित मार्ग से होते हुए रविवार, 29 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दरभंगा स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन को पश्चिम मध्य रेलवे के रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दरभंगा–अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन सोमवार, 30 नवंबर को तड़के 3 बजे दरभंगा स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन मंगलवार, 1 दिसंबर 2026 को शाम 4:35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी के दौरान भी ट्रेन रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का छायापुरी, रतलाम, नागदा, रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, इदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 12 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 8 शयनयान श्रेणी, एक जनरेटर कार और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे का यह निर्णय त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को कम करने और यात्रियों को सुगम रेल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।
