मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला में कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के डिंडौरी नाका स्थित पड़ाव के पास दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पंकज ब्रम्हे नाम के युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
डिंडौरी नाका के पास हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, डिंडौरी रोड पर पड़ाव के पास तीन युवक पहले से मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से तीन अन्य युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने पंकज ब्रम्हे पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के दौरान अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। हालांकि, विवाद की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
चाकू लगने से घायल पंकज को पहले मंडला जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, मारपीट में घायल हुए अन्य लोगों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल विवाद की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच और प्राप्त तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
