कटंगी में बेकाबू ट्रक ने तीन लोगों को कुचला, दो की मौत, एक गंभीर
जबलपुर-दमोह मार्ग पर सैयद बाबा मजार के पास हादसा, भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने संग्रामपुर के पास पकड़ा
जबलपुर। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे संग्रामपुर गांव के पास पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा जबलपुर-कटंगी मार्ग पर सैयद बाबा मजार के पास हुआ। शनिवार शाम जबलपुर से दमोह की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक AP39UJ3324 अचानक बेकाबू हो गया और सड़क पर मौजूद तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय राहुल यादव और नरेंद्र यादव बाइक पर सवार थे, जबकि मनीष बर्मन पैदल जा रहे थे। ट्रक की चपेट में आने से नरेंद्र यादव और मनीष बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राहुल यादव को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। इधर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और संग्रामपुर गांव के पास उसे पकड़ लिया। इसके बाद ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक नरेंद्र यादव और मनीष बर्मन के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाटन भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जबलपुर-कटंगी मार्ग पर तेज रफ्तार और बेकाबू वाहनों के कारण होने वाले हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई फिलहाल पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है
