जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। विजय नगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग में परिवार के साथ सो रही बच्ची आधी रात अचानक गायब हो गई। तलाश के दौरान वह दूसरी निर्माणाधीन इमारत में मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को चुप कराने के लिए उसका चेहरा रेत में दबा दिया और रोना बंद होने पर उसे मृत समझकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने दमोह जिले के 28 वर्षीय आशीष पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ जबेरा थाने में पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आधी रात गायब हुई बच्ची, दूसरी बिल्डिंग में मिली
एडिशनल एसपी सिटी आयुष जाखड़ के मुताबिक, घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। मजदूरी करने वाला परिवार विजय नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिजनों की नींद खुली तो दो साल की बच्ची गायब थी। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर दूसरी निर्माणाधीन बिल्डिंग में बच्ची मिल गई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मेडिकल जांच में मिले संकेत, बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं
जांच के दौरान पुलिस को बच्ची के साथ यौन अपराध की आशंका हुई। मेडिकल परीक्षण में मिले संकेतों के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आशीष पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची के रोने पर उसका चेहरा रेत में दबा दिया था। जब बच्ची की आवाज बंद हो गई तो वह उसे मृत समझकर भाग निकला। गनीमत रही कि मासूम की जान बच गई। बच्ची सुरक्षित है और उसकी हालत ठीक बताई गई है। मामले में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, गृहभेदन समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
दमोह का हिस्ट्रीशीटर, पहले से 11 मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी आशीष पटेल दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह क्षेत्र का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, गृहभेदन, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 11 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
70 वर्षीय महिला से मारपीट के मामले में भी संदेह
इस मामले की जांच के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में भी आरोपी की संभावित भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, उसी रात करीब दो से तीन बजे के बीच एक घर में चोरी की कोशिश की गई। इस दौरान घर में सो रही 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट और उनका गला दबाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। महिला के साथ गलत हरकत की आशंका भी जताई गई है।
एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के अनुसार, संदिग्ध का हुलिया विजय नगर मामले में गिरफ्तार आशीष पटेल से मेल खाता है। हालांकि, कोतवाली की घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस दोनों मामलों के तथ्यों का मिलान कर रही है। कोतवाली पुलिस अलग से पूछताछ कर मामले की जांच करेगी।
