विज्ञापन

MP : बीना स्टेशन पर रेलवे के काम के चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव, 25 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रहेंगी रद्द

[inb_subtitle]

Author Picture
Shubhampatkar
October 17, 2026
Author Picture
Published On: October 17, 2026

विज्ञापन

बीना स्टेशन पर रेलवे के काम के चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव, 25 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रहेंगी रद्द

11 एक्सप्रेस ट्रेनों के बदले रूट, कई मेमू ट्रेनों का स्टेशन बदला, यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन पर अधोसंरचना के उन्नयन, परिचालन सुगमता और संरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों के चलते यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके तहत 17 से 25 अक्टूबर तक चार मेमू ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि 11 एक्सप्रेस ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इसके अलावा कई मेमू ट्रेनों को बीना के बजाय आसपास के वैकल्पिक स्टेशनों से संचालित किया जाएगा या वहीं तक चलाया जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

रेलवे के अनुसार, बीना-रूठियाई मेमू ट्रेन संख्या 61611, रूठियाई-बीना मेमू 61612, बीना-रूठियाई मेमू 61625 और रूठियाई-बीना मेमू 61626 को 17 से 25 अक्टूबर तक निरस्त रखा जाएगा। इन चारों ट्रेनों के कुल नौ-नौ फेरे प्रभावित होंगे।

बीना स्टेशन को बायपास करते हुए फ्लाईओवर मार्ग से कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें बांद्रा टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस, गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस, ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद-दरभंगा एक्सप्रेस, दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, अहमदाबाद-बनारस सिटी एक्सप्रेस और बनारस सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को निर्धारित तारीखों पर महादेवखेड़ी, मालखेड़ी और आगासोद के रास्ते चलाया जाएगा।

वहीं, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 17 से 19 अक्टूबर तक भोपाल, संत हिरदाराम नगर, मक्सी और रूठियाई के रास्ते संचालित होंगी। तिरुचिरापल्ली-भगत की कोठी एक्सप्रेस को 17 अक्टूबर को भोपाल, संत हिरदाराम नगर, मक्सी, नागदा, कोटा और सवाई माधोपुर के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

बीना स्टेशन पर परिचालन संबंधी कार्यों के कारण कई मेमू ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक स्टेशनों से किया जाएगा। ललितपुर-बीना मेमू 64618, 18 से 25 अक्टूबर तक बीना के बजाय आगासोद स्टेशन पर समाप्त होगी। बीना-ललितपुर मेमू 64617 इसी अवधि में आगासोद से प्रारंभ होगी।

कटनी-बीना मेमू 11602 को 17 से 25 अक्टूबर तक खुरई स्टेशन पर समाप्त किया जाएगा, जबकि बीना-कटनी मेमू 11601 खुरई से चलेगी। कोटा-बीना और बीना-कोटा की कुछ सेवाएं महादेवखेड़ी तथा मुंगावली स्टेशन तक सीमित रहेंगी। भोपाल-बीना और बीना-भोपाल की मेमू ट्रेनों का संचालन भी निर्धारित तिथियों पर मंडी बामोरा स्टेशन से किया जाएगा।

इसके अलावा बीना-कटनी मुड़वारा मेमू 61619, 19 से 26 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी स्टेशन से सुबह 10:20 बजे रवाना होगी। कटनी मुड़वारा-बीना मेमू 61620 को 18 से 25 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी स्टेशन तक विस्तारित किया गया है, जहां इसका आगमन रात 12:50 बजे निर्धारित है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले ट्रेन के रूट, समय और प्रारंभिक व अंतिम स्टेशन की जानकारी रेलवे के आधिकारिक पूछताछ माध्यमों या हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त करें।

Leave a Comment