जबलपुर। शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रांझी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पांच साल की सजा काटकर लौटे बदमाश दिलीप उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुरानी रंजिश के चलते चाकू लेकर अपने विरोधियों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर सड़कों पर निकली, जहां वह पूरे रास्ते ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ कहते नजर आया।
पुरानी रंजिश में वारदात की फिराक में था बदमाश
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि आरोपी दिलीप उर्फ ढिल्लू, पिता सज्जन कोल, सुमन नगर ईछाई का रहने वाला है। आरोपी करीब तीन-चार महीने पहले ही हत्या के प्रयास के मामले में पांच साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद भी उसके मन में पुराने विवाद को लेकर दुश्मनी की भावना बनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते वह चाकू लेकर अपने विरोधियों को निशाना बनाने की फिराक में था।
पुलिस को मुखबिर से आरोपी के इरादों की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और दशहरा मैदान के पास बीएफजी के नजदीक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया।
वारदात से पहले पुलिस ने दबोचा
थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी के पास मिले चाकू से किसी पर हमला किया जाता तो गंभीर घटना हो सकती थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए संभावित वारदात को टाल दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पहले हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट चुका है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाकू कहां से हासिल किया, इस संबंध में कुछ नाम बताए हैं। पुलिस अब इन नामों को भी जांच में शामिल कर रही है, ताकि चाकू उपलब्ध कराने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की गई है।
सड़कों पर निकाला जुलूस, अपराधियों को दिया संदेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर सड़कों पर निकली। इस दौरान आरोपी पूरे रास्ते ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ के नारे लगाता नजर आया। सड़क पर पुलिस के साथ चलते बदमाश का यह अंदाज चर्चा का विषय बना रहा।
थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख और संभावित वारदातों पर समय रहते अंकुश लगाने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

